उत्तराखण्डखेल

देहरादून में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर व यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ

देहरादून, 15 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में 87वीं इंटर स्टेट जूनियर एवं यूथ नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं टेबल टेनिस खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि राज्य को पहली बार इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने इसके लिए भारतीय टेबल टेनिस महासंघ का आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार है। खेलों के माध्यम से अनुशासन, धैर्य, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण जैसे जीवन-मूल्य विकसित होते हैं, जो युवाओं को हर क्षेत्र में उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने राज्यों के साथ-साथ देश के उज्ज्वल भविष्य का भी प्रतिनिधित्व करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टेबल टेनिस ऐसा खेल है जिसमें गति, संतुलन, तकनीक और मानसिक दृढ़ता का समन्वय आवश्यक होता है। यह खेल खिलाड़ियों को त्वरित निर्णय क्षमता, रणनीतिक सोच और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करना सिखाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है और भारत वैश्विक मंचों पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाई खेलों और कॉमनवेल्थ खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश के लिए गौरव का विषय है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के साथ उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित किया गया है, जहां राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नया कीर्तिमान बनाया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा तथा उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button