राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आंबेडकर जयंती और बैसाखी पर दी शुभकामनाएं, सामाजिक न्याय और एकता का दिया संदेश

देहरादून,13 अप्रैल 2026। उत्तराखण्ड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती एवं बैसाखी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन वंचित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। राज्यपाल ने कहा कि डॉ. आंबेडकर के विचार आज भी समाज को समानता और न्याय के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।
बैसाखी पर्व के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व उमंग, उत्साह और खुशहाली का प्रतीक है, जो समाज में सौहार्द और एकता का संदेश देता है। उन्होंने इसे देश की समृद्ध कृषि परंपरा और किसानों के परिश्रम का प्रतीक बताया।
राज्यपाल ने अपने संदेश में यह भी कहा कि बैसाखी का दिन सिख पंथ के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी दिन गुरु गोबिंद सिंह ने खालसा पंथ की स्थापना की थी, जो साहस, त्याग और समर्पण का प्रतीक है।
अंत में राज्यपाल ने इस पावन अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।


