उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

अम्बेडकर जयंती और बैसाखी पर सीएम धामी का संदेश: आदर्शों के अनुकरण से सशक्त भारत, खुशहाली की कामना

देहरादून,13 अप्रैल 2026। पुष्कर सिंह धामी ने संविधान निर्माता भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय के लिए डॉ. अम्बेडकर का योगदान अविस्मरणीय है और उनके आदर्शों के अनुकरण से देश को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को ऐसा संविधान दिया,जो एकता, अखण्डता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करता है। उन्होंने दलित एवं वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें समान अधिकार दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर के विचार आज भी एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और समरस समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी से उनके सिद्धांतों को अपनाते हुए समाज में समानता, भाईचारा और न्याय की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को बैसाखी पर्व की भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बैसाखी हर्ष, उल्लास, उत्साह और भाईचारे का प्रतीक पर्व है। नई फसल की कटाई से जुड़ा यह त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं तथा कृषि संस्कृति का परिचायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व लोक आस्था और समृद्धि का प्रतीक है तथा इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Related Articles

Back to top button