उत्तराखण्डपर्यावरण

बल्लूपुर चौक पर मुख्यमंत्री धामी ने चलाया स्वच्छता अभियान, “स्वेच्छा से स्वच्छता” का दिया संदेश

देहरादून,13 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बल्लूपुर चौक में नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित “स्वेच्छा से स्वच्छता” कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रदेशवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं सफाई अभियान में भाग लेते हुए आमजन को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नगर निगम, देहरादून द्वारा 7 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाना है। अभियान के तहत विभिन्न वार्डों में सफाई, कूड़ा निस्तारण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा और प्रत्येक नागरिक को अपने घर, मोहल्ले एवं शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभानी चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी ने नगर निगम के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ऐसे अभियानों को नियमित रूप से चलाने पर भी जोर दिया, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बनी रहे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, विधायक सविता कपूर, महामंत्री संगठन अजेय कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button