उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

हेल्प क्रॉस ट्रस्ट ने जरूरतमंद बच्चों को बांटी पाठ्यक्रम सामग्री, दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की नई उम्मीद

देहरादून,12 अप्रैल 2026। हेल्प क्रॉस ट्रस्ट देहरादून द्वारा नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के अवसर पर उत्तराखंड के दूरस्थ एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में जरूरतमंद, संसाधनहीन एवं अभावग्रस्त छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम सामग्री (स्टेशनरी किट) वितरित की गई। इस पहल से कई बच्चों को शिक्षा जारी रखने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
ट्रस्ट द्वारा देहरादून जिले के चकराता ब्लॉक व तहसील के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज भटाड (कथ्यान), ग्राम नईली स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज केराड सहित अन्य विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स, पेंसिल बॉक्स, क्रेयॉन, रबर, शार्पनर और स्कूल बैग जैसी आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
हेल्प क्रॉस ट्रस्ट के संस्थापक सचिव विशाल थापा ने बताया कि संस्था हर वर्ष दूरस्थ क्षेत्रों के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए यह अभियान चलाती है, ताकि उन्हें शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधनों की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा अभाव के कारण शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज भटाड चकराता के प्रधानाध्यापक विवेक शर्मा सहित अन्य शिक्षकों ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
यह वितरण अभियान चकराता ब्लॉक के साथ ही त्यूनी तहसील के विभिन्न विद्यालयों—राजकीय प्राथमिक विद्यालय, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय घुतियाखाटल आदि में भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्षा शांति थापा, संरक्षिका उर्मिला तमांग, कोषाध्यक्ष करन बहादुर थापा, सदस्य विपरल थापा, नरेंद्र थापा, वंशिका थापा, ज्योति राना, दीक्षा राना सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम के संयोजन में आकाश छेत्री (हीरा) और कृष्ण बहादुर खत्री सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
हेल्प क्रॉस ट्रस्ट की यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों के लिए शिक्षा की नई उम्मीद बनकर सामने आई है।

Related Articles

Back to top button