जल जीवन मिशन के ठेकेदारों को बड़ी राहत की उम्मीद धरने के बाद सचिव का लिखित आश्वासन, मिशन निदेशक रोहित मीणा का जताया आभार

देहरादून,11 अप्रैल 2026: देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन को उत्तराखंड पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ठेकेदारों में राहत की उम्मीद जगी है। एसोसिएशन से जुड़े ठेकेदारों ने मिशन निदेशक रोहित मीणा का आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि जल जीवन मिशन से जुड़े ठेकेदारों ने 6 अप्रैल को इंदर रोड स्थित कार्यालय में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। इसके बाद मिशन निदेशक के अनुरोध पर ठेकेदारों को सचिवालय में बैठक के लिए बुलाया गया, जहां उन्होंने लंबित भुगतान और अन्य समस्याओं को विस्तार से रखा।
बैठक के बाद विभागीय सचिव द्वारा ठेकेदारों को एक लिखित पत्र जारी किया गया है, जिसमें उनकी मांगों को संज्ञान में लेते हुए ‘मिनट ऑफ मीटिंग’ जारी की गई है। पत्र में आश्वासन दिया गया है कि ठेकेदारों की समस्याओं के समाधान और बकाया भुगतान के विषय में शासन-प्रशासन गंभीरता से विचार कर रहा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल, उपाध्यक्ष सचिन मित्तल और महासचिव सुनील गुप्ता ने कहा कि मिशन निदेशक रोहित मीणा ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल करते हुए लिखित आश्वासन दिलाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी होगी, जिससे जल जीवन मिशन से जुड़े ठेकेदारों को राहत मिलेगी।



