उत्तराखण्डराज्य

हल्द्वानी समीक्षा बैठक: मुख्यमंत्री धामी के सख्त निर्देश मानव-वन्यजीव संघर्ष पर स्थायी समाधान, पर्यटन सीजन और कानून-व्यवस्था पर विशेष फोकस

हल्द्वानी,12 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस, हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत एवं जमरानी बांध परियोजना की प्रगति पर विस्तृत चर्चा करते हुए अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान विकसित करने और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग लगाने, अलर्ट सिस्टम विकसित करने तथा वन विभाग और पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने को कहा। रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी और नैनीताल जैसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए गए।
पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़कों को गड्ढा-मुक्त रखने, ट्रैफिक प्रबंधन सुदृढ़ करने, शटल सेवा और वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए। साथ ही 24×7 निगरानी और नियमित चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जानकारी दी कि आदि कैलाश यात्रा के लिए 1 मई से पिथौरागढ़ प्रशासन द्वारा इनर लाइन पास जारी किए जाएंगे। कैंचीधाम बाईपास का कार्य प्रगति पर है, जिसे 30 मई तक पूरा करने का लक्ष्य है, जबकि मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू होगा।
मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे तराई-भावर क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान, भूजल स्तर में वृद्धि और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी।
बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही ग्रीष्मकाल और मानसून को ध्यान में रखते हुए विद्युत और पेयजल व्यवस्था को समय से दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों से स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेकर उनके त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button