उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजना

मुख्यमंत्री धामी ने कृषि विभाग में चयनित 12 मानचित्रकों को सौंपे नियुक्ति पत्र

देहरादून, 10 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के अंतर्गत मानचित्रक के पद पर चयनित 12 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति प्रदेश की कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि सभी अभ्यर्थी अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा किसानों के हित में सकारात्मक योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के बाद अब तक प्रदेश में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है, जो सरकार की युवाओं के प्रति प्रतिबद्धता और सुशासन का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है और मिलेट उत्पादन व विपणन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और फसल विविधीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही राज्य में सेब, कीवी, बागवानी एवं औषधीय पौधों की खेती को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य कृषि को लाभकारी और युवाओं के लिए आकर्षक बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस क्षेत्र से जुड़ सकें।
इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सचिव कृषि एस.एन. पाण्डेय, अपर सचिव आनंद श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button