उत्तराखण्डविशेष समाचार

मुख्यमंत्री से वार्ता के बाद डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने हड़ताल स्थगित की

देहरादून, 10 अप्रैल 2026। उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से जारी डिप्लोमा इंजीनियर्स की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को स्थगित कर दी गई। यह निर्णय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से हुई वार्ता के बाद लिया गया।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों ने अपनी 27 सूत्रीय मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इन मांगों में पदोन्नति, वेतनमान और पुरानी पेंशन व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बैठक के बाद महासंघ ने राज्यहित को ध्यान में रखते हुए 23 मार्च 2026 से चल रही अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार संवाद और समन्वय के माध्यम से सभी समस्याओं का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को सुचारू बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए।
महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष इं. आर.सी. शर्मा ने बताया कि महासंघ के सदस्य 27 सूत्रीय मांगों को लेकर 23 मार्च से हड़ताल पर थे। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन के बाद महासंघ ने 10 अप्रैल 2026 को हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि सरकार के साथ आगे भी संवाद जारी रहेगा, ताकि लंबित मांगों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button