उत्तराखण्डशिक्षा

छात्रों ने सीखे फैशन और प्रोडक्ट फोटोग्राफी के गुर, कार्यशाला में दिखा रचनात्मकता का उत्साह

नरेंद्र नगर 08 अप्रैल । श्री धर्मानंद उनियाल महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा IQAC के बैनर तले Canon India के सहयोग से आयोजित एक दिवसीय फैशन एवं प्रोडक्ट फोटोग्राफी कार्यशाला में छात्रों ने फोटोग्राफी के व्यावहारिक पहलुओं को करीब से सीखा।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. प्रणिता नन्द ने कहा कि “ध्वनि सम्प्रेषण का अपना विशेष प्रभाव होता है, लेकिन फोटोग्राफी संदेश की प्रभाविता में गुणोत्तर वृद्धि करती है।” उन्होंने छात्रों को आधुनिक तकनीकों के साथ रचनात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में कैनन इंडिया देहरादून के विशेषज्ञ दानियाल हसन और राजेश थपलियाल ने कैमरा संचालन, लाइटिंग, एंगल, फ्रेमिंग और फोटो को आकर्षक बनाने के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए।
राजेश थपलियाल ने बताया कि फैशन फोटोग्राफी में मॉडल की प्रस्तुति, एक्सप्रेशन, स्टाइल, मेकअप, लाइटिंग और कॉस्ट्यूम की अहम भूमिका होती है, जबकि प्रोडक्ट फोटोग्राफी में उत्पाद को स्पष्ट, सुंदर और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना जरूरी है। वहीं दानियाल हसन ने प्राकृतिक प्रकाश में फोटोग्राफी की संभावनाओं और चुनौतियों के साथ इसके व्यावसायिक पक्ष पर भी प्रकाश डाला।
विभागाध्यक्ष डॉ सृचना सचदेवा ने कहा कि एआई भले ही फोटोग्राफी के क्षेत्र में बदलाव ला रही हो, लेकिन यह मानवीय कौशल और सेंस का विकल्प नहीं बन सकती। अच्छी फोटोग्राफी प्रभावी स्टोरी टेलिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यशाला में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वयं फोटोशूट कर फोटोग्राफी की बारीकियां सीखीं। कार्यक्रम के दौरान फैशन और प्रोडक्ट शूट का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें छात्रों की रचनात्मकता देखने को मिली।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र-छात्राओं ऋषिता, रूपा, कल्पना, प्रियंका, हिमांशु और आयुष की मॉडलिंग रही, जिन्होंने विभिन्न परिधानों और उत्पादों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया।
अंत में विशेषज्ञों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन डॉ विक्रम सिंह बर्त्वाल ने किया। कार्यशाला में विशाल त्यागी ने छायांकन एवं शिशुपाल कल्पना त्यागी ने अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाओं का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button