14,105 करोड़ की कलाई-II जलविद्युत परियोजना को मंजूरी, अरुणाचल में बढ़ेगी ऊर्जा क्षमता

ऋषिकेश, 08 अप्रैल 2026। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में 1200 मेगावाट क्षमता वाली कलाई-II जलविद्युत परियोजना के निर्माण के लिए 14,105.83 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति की बैठक में लिया गया।
परियोजना का निर्माण अंजॉ जिला में लोहित नदी पर किया जाएगा, जिसे पूरा करने की अनुमानित अवधि 78 महीने निर्धारित की गई है।
1200 मेगावाट (6×190 मेगावाट और 1×60 मेगावाट) की स्थापित क्षमता वाली इस परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 4852.95 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है। लोहित बेसिन की पहली जलविद्युत परियोजना के रूप में यह राज्य में बिजली आपूर्ति को मजबूत करेगी, पीक डिमांड के समय प्रबंधन में मदद करेगी और राष्ट्रीय ग्रिड के संतुलन में योगदान देगी।
इस परियोजना को THDC India Limited और अरुणाचल प्रदेश सरकार के संयुक्त उद्यम के माध्यम से लागू किया जाएगा। केंद्र सरकार राज्य की इक्विटी हिस्सेदारी के लिए 750 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी, साथ ही सड़कों, पुलों और ट्रांसमिशन लाइनों जैसे आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास हेतु 599.88 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।
परियोजना के तहत राज्य को 12 प्रतिशत मुफ्त बिजली मिलेगी, जबकि 1 प्रतिशत अतिरिक्त बिजली स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (LADF) के लिए निर्धारित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
इस परियोजना से नामसाई जिला और अंजॉ जिले के बुनियादी ढांचे में महत्वपूर्ण सुधार होगा। लगभग 29 किलोमीटर सड़कों और पुलों का निर्माण किया जाएगा, जो स्थानीय उपयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
इसके अलावा, स्थानीय लोगों को मुआवजा, रोजगार के अवसर और कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) गतिविधियों के माध्यम से भी लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।



