राज्यपाल गुरमीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की शिष्टाचार भेंट, विकास एवं भविष्य की तकनीकों पर हुई चर्चा

देहरादून/नई दिल्ली,08 अप्रैल 2026। उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के स्नेह एवं मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रदेश में बारहमासी पर्यटन, स्वयं सहायता समूहों, होम-स्टे तथा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में हुई उल्लेखनीय प्रगति के लिए केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग के प्रति कृतज्ञता जताई।
भेंट के दौरान राज्यपाल ने उत्तराखण्ड के समग्र विकास, जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समसामयिक मुद्दों की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। साथ ही भविष्य के विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कम्प्यूटिंग और मेटावर्स जैसे आधुनिक विषयों को शामिल करने को लेकर भी चर्चा की गई।
राज्यपाल ने बताया कि आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री द्वारा दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे के शुभारंभ को लेकर प्रदेशवासियों में विशेष उत्साह है और सभी इसकी बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।
इस मौके पर राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को अपने भाषणों पर आधारित पुस्तक “आत्मा के स्वर” भेंट की। इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर अपनी स्वलिखित पुस्तक “Absolute Intelligence” तथा “प्रज्ञा” भी उन्हें भेंट की।



