मदननेगी में खुलेगा नया केंद्रीय विद्यालय, सीएम धामी ने केंद्र सरकार का जताया आभार

देहरादून/टिहरी गढ़वाल, 6 अप्रैल 2026 । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के मदननेगी में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी दिए जाने पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा मदननेगी में इस विद्यालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसे सिविल सेक्टर के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रारंभ किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय खुलने से मदननेगी और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी। इससे न केवल छात्रों को बेहतर शैक्षिक अवसर मिलेंगे, बल्कि स्थानीय स्तर पर शिक्षा के बुनियादी ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रारंभिक चरण में विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक प्रत्येक कक्षा में एक-एक सेक्शन संचालित किया जाएगा। आवश्यकता और स्वीकृति के अनुसार आगामी वर्षों में इसे क्रमिक रूप से उच्च कक्षाओं तक विस्तारित किया जाएगा। साथ ही, सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के 30 दिनों के भीतर प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि यह निर्णय भारत सरकार की उस योजना के तहत लिया गया है, जिसमें देशभर में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाने हैं। मदननेगी, टिहरी गढ़वाल का यह विद्यालय भी उन्हीं स्वीकृत संस्थानों में शामिल है।


