दून मेडिकल कॉलेज की छात्राओं का कमाल: अंतरराष्ट्रीय मंच पर जीता ‘बेस्ट ओरल प्रेजेंटेशन’ पुरस्कार

देहरादून,5 अप्रैल 2026। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के एनाटॉमी विभाग की पीजी रेजिडेंट्स डॉ. शिवांगी ठाकुर एवं डॉ. कृतिका ने SOCA-CON 2026 (विश्व क्लिनिकल एनाटॉमिस्ट्स कांग्रेस) में सर्वश्रेष्ठ मौखिक प्रस्तुति (Best Oral Presentation) का प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतकर संस्थान और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
यह उपलब्धि न केवल एनाटॉमी विभाग, बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। दोनों रेजिडेंट्स ने अपने उत्कृष्ट शोध, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर यह सम्मान हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के छात्र लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शोध को मिल रहे प्रोत्साहन को दर्शाता है।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गीता जैन के नेतृत्व में एक ओर जहां सुपरस्पेशलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर एनाटॉमी, फिजियोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री जैसे बेसिक साइंसेज़ को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। इस संतुलित विकास के चलते छात्रों को शोध और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए बेहतर वातावरण मिल रहा है।
प्राचार्या डॉ. गीता जैन एवं एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. जॉली अग्रवाल ने दोनों छात्राओं को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


