हनुमान जन्मोत्सव पर गूंजे जयकारे: केक काटकर मनाया जन्मदिन, भजनों पर देर रात तक झूमे श्रद्धालु

झिंझाना, 5 अप्रैल। कस्बे में बालाजी सेवा समिति के तत्वावधान में पंचमुखी महादेव शिव मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जन्मोत्सव के अवसर पर केशव मुकंद जागरण ग्रुप द्वारा देर रात तक भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते नजर आए। भजन संध्या का संचालन ग्रुप के संचालक एवं भजन गायक चरण दास नामदेव ने किया।
कार्यक्रम में कलाकार घनश्याम पांचाल (बड़ौत) और मानसी कश्यप (सरधना) ने हनुमान जी, खाटू श्याम और माता रानी के भजनों की शानदार प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते रहे। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों को माल्यार्पण कर सम्मानित भी किया गया।
देर रात जागरण ग्रुप द्वारा राम भक्त हनुमान जी की आकर्षक झांकी भी निकाली गई। विशेष आकर्षण यह रहा कि हनुमान जी का स्वरूप धारण किए कलाकार ने केक काटकर जन्मोत्सव मनाया, जिससे पूरा वातावरण “जय बजरंगबली” के जयकारों से गूंज उठा। करतल ध्वनि और “हैप्पी बर्थडे” के साथ भक्ति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के विपिन गुप्ता, मुकेश मित्तल, बिट्टन गोयल, विशाल, मनीष संगल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेश पाल कश्यप, व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद संगल, भाजपा नेता सतीश कश्यप, पत्रकार प्रेम चंद वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंदिर के पुरोहित वैद्य नरेश चंद्र शर्मा ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। बालाजी की आरती के बाद देर रात कीर्तन का समापन हुआ और श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
मंदिर को बंदनवार, इलेक्ट्रिक झालरों और गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय और उत्सवमय नजर आया।


