उत्तराखण्डविशेष समाचार

रिहाइशी क्षेत्र में शराब की दुकान हटाने की मांग, पार्षद डोली रानी मोहन ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

देहरादून,03 अप्रैल 2026। नगर निगम देहरादून के वार्ड नंबर 44 पटेल नगर (पश्चिम) की पार्षद सुश्री डोली रानी मोहन ने रिहाइशी क्षेत्र में संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र प्रेषित किया है।
पार्षद ने अपने पत्र में अवगत कराया कि सहारनपुर रोड स्थित रायल पेट्रोल पम्प के समीप, चुघ गैस एजेंसी व पंजाब नेशनल बैंक के सामने रिहायशी इलाके में शराब की दुकान संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में दुकान के साथ एक कैन्टीन भी संचालित थी, जहां अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता था, जिससे क्षेत्र की महिलाओं और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रवासियों के विरोध के बाद कैन्टीन को बंद कराया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में शराब की दुकान के साथ ही आसपास पानी, गिलास और नमकीन की दुकानें खुल गई हैं, जिसके कारण दिन-रात लोग वहीं खुलेआम शराब पीते हैं। इससे क्षेत्र में अव्यवस्था, झगड़े और जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही शराब पीने वालों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से वातावरण भी प्रदूषित हो रहा है।
पार्षद ने पत्र में कहा कि उक्त स्थिति के चलते विशेषकर महिलाओं और बच्चों का आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए उक्त शराब की दुकान को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए जाएं।
पार्षद ने आशा व्यक्त की है कि सरकार इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button