उत्तराखण्डराज्य

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निकाय कर्मियों को बताया विकास की रीढ़, आभार रैली में किया सम्मान

देहरादून,01 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित आभार रैली में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों द्वारा व्यक्त सम्मान के लिए आभार जताते हुए इसे प्रदेश की देवतुल्य जनता को समर्पित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और नगर निकाय कर्मचारियों की जिम्मेदारी विशेष रूप से अहम है। उन्होंने कहा कि इन्हीं के अथक प्रयासों से शहरों और कस्बों में स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं।
कोविड-19 महामारी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के सेवा भाव की सराहना की और इसे मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है, जहां नगर निकायों की भूमिका चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान और अधिक बढ़ जाती है।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके सशक्तिकरण, सुरक्षा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है।
कर्मचारियों के हित में लिए गए प्रमुख निर्णय:
पर्यावरण मित्रों का मानदेय ₹500 प्रतिदिन
चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय
वर्दी व स्नोबूट हेतु ₹2500 सहायता
₹5 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस
ईपीएफ व ईएसआई लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश
संविदा कर्मचारियों का वेतन ₹7,500 से बढ़ाकर ₹15,000
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से देश में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिन्हें राज्य में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में सम्मान देते हुए उनके कल्याण के लिए नमस्ते योजना और आयुष्मान भारत योजना जैसी पहलें संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, उत्तराखंड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के मुख्य संयोजक सुरेन्द्र तेश्वर, सह संयोजक संतोष गौरव, नरेश वेद सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button