देहरादून में अपराध पर सख्त प्रहार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलेगा “ऑपरेशन प्रहार”

देहरादून 31 मार्च, 2026 । देहरादून में हाल ही में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देश पर राजधानी में विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” चलाया जाएगा। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय में कानून-व्यवस्था को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड श्री दीपम सेठ ने की। इस दौरान आईजी गढ़वाल श्री राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ श्री नीलेश आनन्द भरणे, एसएसपी देहरादून श्री प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी एसटीएफ श्री अजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में डीजीपी द्वारा अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग कर उनकी जवाबदेही तय करने तथा क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने को कहा गया।
क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे स्वयं फील्ड में सक्रिय रहें और चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाएं। साथ ही बैरियर्स पर सघन चेकिंग सुनिश्चित करने तथा विशेष रूप से प्रातःकालीन समय में पुलिसबल की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
आईजी एसटीएफ एवं एसएसपी एसटीएफ को देहरादून में सक्रिय आपराधिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त सत्यापन अभियान के तहत पीजी एवं किरायेदारों का सघन सत्यापन कराने तथा होम-स्टे में संचालित गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार एवं पब्स पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि राजधानी देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


