राज्यपाल को सौंपा गया षष्टम राज्य वित्त आयोग का प्रतिवेदन (2026–2031)

देहरादून, 31 मार्च 2026। मंगलवार को लोक भवन में उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से षष्टम राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष एन. रवि शंकर ने शिष्टाचार भेंट कर आयोग का प्रतिवेदन (2026–2031) प्रस्तुत किया।
इस दौरान आयोग के सदस्य श्री पी.एस. जंगपांगी, डॉ. एम.सी. जोशी तथा अपर सचिव श्री नवनीत पाण्डे भी उपस्थित रहे।
अध्यक्ष ने प्रतिवेदन की मुख्य अनुशंसाओं की जानकारी देते हुए सामुदायिक परिसंपत्तियों के रख-रखाव एवं उनकी समुचित मैपिंग के लिए ठोस कदम उठाने पर बल दिया। उन्होंने योजनाओं एवं संसाधनों के समन्वय (कन्वर्जेंस) को बढ़ावा देने, सहयोग एवं सहकारिता की भावना विकसित करने, रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देने तथा वर्तमान परिवर्तनशील दौर में प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया।
राज्यपाल ने आयोग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि नियमानुसार आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के पश्चात आयोग की संस्तुतियां जनप्रतिनिधियों एवं आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग की सिफारिशों का धरातल पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आम जनता को इसका वास्तविक लाभ मिल सके।


