देहरादून में 4 अप्रैल को रोजगार मेला, 60 पदों पर भर्ती का अवसर
देहरादून, 31 मार्च 2026। क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा जनपद के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 04 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:00 बजे से कार्यालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। प्रमुख रूप से BERG Technologies Pvt. Ltd. भी शामिल होगी।
उक्त कंपनी द्वारा ऑपरेशन एग्जीक्यूटिव के कुल 60 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 30 पद स्नातक महिला अभ्यर्थियों के लिए तथा 30 पद अंडरग्रेजुएट पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए पूर्व पंजीकरण (Pre-Registration) 01 अप्रैल 2026 से प्रातः 10:00 बजे से कार्यालय परिसर में प्रारंभ किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे रोजगार मेले में भाग लेने हेतु अपने साथ अद्यतन बायोडाटा (Resume), समस्त शैक्षिक योग्यता के मूल प्रमाण-पत्र एवं उनकी छायाप्रति, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र (ID Proof) अनिवार्य रूप से साथ लाएं।
यह भी अवगत कराया गया है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों एवं उपलब्ध रिक्तियों की संख्या में आवश्यकता अनुसार वृद्धि या कमी संभव है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय ने सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।



