उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

महावीर जन्मोत्सव का द्वितीय दिवस: जैन भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्तिभाव और प्रस्तुतियों से गूंजा वातावरण

देहरादून 29 मार्च ।

महावीर जन्मोत्सव के द्वितीय दिवस पर गाँधी रोड स्थित जैन भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पूज्य गुरुदेव समर्पण सागर महाराज के पावन सान्निध्य एवं आशीर्वाद से दीप प्रज्वलन और चित्र अनावरण के साथ हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महावीर प्रार्थना कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम में मुकमाटी की वीरांगनाओं द्वारा भगवान महावीर का भावपूर्ण वंदन प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही, णमोकार मंत्र की महिमा को एक अनोखे और रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
प्रतिभा डांस एकेडमी के बच्चों ने “तीन भवन के नाथ पधारे” गीत पर आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम में उल्लास और ऊर्जा का संचार हुआ। वहीं जैन मिलन मुकमाटी द्वारा प्रस्तुत नाटिका “मुनि ब्रह्म गुलाल” विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस नाटिका में एक बहरूपिया के जीवन की कहानी को दर्शाया गया, जो विभिन्न रूप धारण करते-करते अंततः जिन धर्म को अपनाकर मुनि बन जाता है। नाटिका ने दर्शकों को गहरी आध्यात्मिक प्रेरणा दी और यह संदेश दिया कि सच्चे मार्ग की ओर परिवर्तन किसी भी क्षण संभव है।
कार्यक्रम के समापन पर उत्सव समिति द्वारा मुकमाटी की पूरी टीम को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे कार्यक्रम में भक्तिभाव एवं सांस्कृतिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button