प्रधानमंत्री के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम सविन बंसल ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

देहरादून,28 मार्च 2026 । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित जनपद भ्रमण एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के संभावित लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इस क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित भ्रमण मार्ग का तत्काल निरीक्षण कर लिया जाए और मार्ग पर सौन्दर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत, सड़क सुधार सहित सभी कार्य समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यूपीसीएल को निर्देश दिए कि अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों के तहत सड़क किनारे पड़ी केबलों को तत्काल हटाकर मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए।
कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने मंच निर्माण, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, बैठने की समुचित व्यवस्था, मोबाइल शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। नगर निगम को संभावित रूट एवं कार्यक्रम स्थल पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रस्तावित भ्रमण मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों की पूर्व में दी गई अनुमतियां कार्यक्रम तक तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



