डिस्पेंसरी रोड को ठेली-मुक्त करने और वेंडर ज़ोन बनाने की मांग, स्मार्ट पेड पार्किंग का भी प्रस्ताव

देहरादून,27 मार्च 2026। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (NTWB), डीपीआईआईटी (भारत सरकार) के सदस्य पंकज मैसोंन ने देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल का ध्यान शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र डिस्पेंसरी रोड की ज्वलंत समस्याओं की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर लंबे समय से फड़ एवं ठेली लगाने वाले लोगों की समस्या बनी हुई है।
पंकज मैसोंन ने बताया कि जहां एक ओर ये लोग अपनी रोजी-रोटी के लिए सड़क पर निर्भर हैं, वहीं दूसरी ओर इनके कारण स्थानीय दुकानदारों और ग्राहकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स एवं डिस्पेंसरी रोड के व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और बाजार में आने वाले ग्राहकों को जाम व अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ठेली और फड़ के कारण सड़क पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनता, व्यापारी और ग्राहक सभी परेशान हैं। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने नगर निगम से मांग की कि इन सभी ठेली एवं फड़ संचालकों के लिए एक सुव्यवस्थित वेंडर ज़ोन विकसित किया जाए, जिससे उन्हें भी सम्मानजनक रोजगार मिल सके और सड़क भी व्यवस्थित रह सके।
इसके साथ ही पंकज मैसोंन ने डिस्पेंसरी रोड पर अव्यवस्थित पार्किंग को भी बड़ी समस्या बताते हुए इसे स्मार्ट पेड पार्किंग में बदलने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित पार्किंग के कारण भी जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे यातायात प्रभावित होता है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि डिस्पेंसरी रोड को ठेली-मुक्त किया जाए, वेंडर ज़ोन की समुचित व्यवस्था की जाए और पार्किंग को स्मार्ट पेड पार्किंग में परिवर्तित किया जाए, ताकि बाजार क्षेत्र को सुगम, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सके।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष शेखर फुलारा, उपाध्यक्ष जसपाल छाबड़ा, डिस्पेंसरी रोड संयोजक अशोक अग्रवाल, राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स संयोजक केवल कुमार तथा सदस्य मनीष कुलेथा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


