राज्यपाल गुरमीत सिंह से BHISHM थिंक टैंक के सदस्यों की शिष्टाचार भेंट, वैश्विक एवं सामरिक मुद्दों पर हुआ मंथन

देहरादून, 26 मार्च 2026 । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से गुरुवार को लोक भवन में भारत हिमालयन इंटरनेशनल स्ट्रेटेजिक मंच (BHISHM) थिंक टैंक के सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने सदस्यों के अनुभवों एवं गहन ज्ञान के आधार पर विभिन्न सामरिक और वैश्विक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में थिंक टैंक के वरिष्ठ पूर्व सैन्य अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों द्वारा वर्तमान वैश्विक परिदृश्य तथा उसके राष्ट्रीय प्रभावों पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप, साइबर एवं तकनीकी आयाम, ऊर्जा सुरक्षा और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर संभावित प्रभावों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्यपाल ने विशेषज्ञों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है, जहां पारंपरिक युद्ध के साथ-साथ तकनीक, सूचना और आर्थिक आयाम भी अत्यंत महत्वपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के गंभीर और सार्थक विमर्श न केवल नीति-निर्माण को सुदृढ़ दिशा देते हैं, बल्कि बदलती चुनौतियों को समझने और उनके समाधान तलाशने में भी सहायक सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह (से नि), पूर्व विदेश सचिव एवं राजदूत श्याम सरन, वाइस एडमिरल ए. जी. थपलियाल (से नि), एयर वाइस मार्शल अरविंद वर्मा (से नि), मेजर जनरल संजय शर्मा (से नि), मेजर जनरल अभय कार्की (से नि), ब्रिगेडियर संतोष नायर (से नि), ब्रिगेडियर अनिल शर्मा (से नि), ब्रिगेडियर अनिर्बान दत्ता (से नि), श्री संजीव चोपड़ा, श्री शत्रुघ्न सिंह एवं प्रो. दुर्गेश पंत उपस्थित रहे।



