“विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम, 2025” से जुड़ी प्रतियोगिताओं की अंतिम तिथियां बढ़ीं
नई दिल्ली,23 मार्च 2026 — केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने “विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम, 2025” के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की अंतिम तिथियों में 15 दिनों का विस्तार कर दिया है। यह निर्णय युवाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को अधिक अवसर प्रदान करने के लिए लिया गया है।
मंत्रालय के अनुसार, MyGov पोर्टल पर आयोजित लोगो डिजाइन प्रतियोगिता की नई अंतिम तिथि अब 4 अप्रैल 2026 कर दी गई है, जो पहले 20 मार्च निर्धारित थी। वहीं MY Bharat पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय रील/वीडियो चैलेंज “60 Seconds for My Village” की अंतिम तिथि 5 अप्रैल 2026 कर दी गई है, जो पहले 21 मार्च थी।
इसके अलावा, विकसित भारत–जी राम जी क्विज प्रतियोगिता की अंतिम तिथि भी 23 मार्च से बढ़ाकर अब 7 अप्रैल 2026 कर दी गई है।
मंत्रालय ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों को ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिल रहा है। यह पहल युवाओं को गांवों के विकास से जोड़ते हुए “युवा शक्ति, पंचायत की प्रगति” के संकल्प को मजबूत करती है।
उल्लेखनीय है कि “विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम, 2025” के तहत ग्रामीण परिवारों को प्रति वर्ष 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के मजदूरी रोजगार की गारंटी प्रदान की गई है। यह अधिनियम ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने सभी नागरिकों से इन प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की है, ताकि विकसित भारत के लक्ष्य को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।



