उत्तराखण्डराजनीति

चार साल बेमिसाल: रुद्रपुर में भव्य कार्यक्रम, सीएम धामी ने वर्चुअल गिनाईं उपलब्धियां

रुद्रपुर 23 मार्च 2026। उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार वर्ष पूर्व जनता ने उन्हें पुनः राज्य सेवा का अवसर दिया और सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संकल्प तेजी से सिद्धि की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2021 में कही गई बात—“21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा”—को साकार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। बीते चार वर्षों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है, साथ ही निवेश और विकास की नई संभावनाएं तैयार की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पहली बार G-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट जैसे बड़े आयोजनों का सफल आयोजन हुआ। समिट में 3.76 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक जमीन पर उतर चुके हैं।
आर्थिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है, जबकि जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत वृद्धि हुई है। राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1750 से अधिक हो गई है। साथ ही 2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखंड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, स्टार्टअप रैंकिंग, इनोवेशन इंडेक्स, लॉजिस्टिक्स और ग्रीन एनर्जी जैसे कई क्षेत्रों में राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया है, जिसके तहत 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने राज्य सरकार के चार वर्षों को ऐतिहासिक बताते हुए समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त भू-कानून और पारदर्शी शासन को सराहनीय कदम बताया।
इस अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की पुस्तिका “संकल्प से सिद्धि: विकसित उत्तराखंड” का विमोचन किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को सहायता भी वितरित की गई, जिसमें स्वयं सहायता समूहों को अनुदान, किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, युवाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र और दिव्यांगजनों को उपकरण प्रदान किए गए।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में 1530 लोगों ने सेवाएं लीं। विभिन्न विशेषज्ञ विभागों द्वारा जांच और उपचार किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं, हड्डी रोग, टीबी जांच, एनसीडी स्क्रीनिंग सहित कई सेवाएं शामिल रहीं। मरीजों को निःशुल्क दवाइयां और परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन इस आयोजन में मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button