धामी सरकार के 4 साल पूरे होने पर डॉ. नरेश बंसल ने दी बधाई, गिनाईं उपलब्धियां

देहरादून,23 मार्च 2026। भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने उत्तराखण्ड सरकार के सफलतम चार वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट और प्रदेश की जनता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य ने बीते चार वर्षों में बहुआयामी विकास किया है। नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने पारदर्शिता, सुशासन और सेवा के संकल्प के साथ प्रदेश को विकास के नए आयाम दिए हैं।
डॉ. बंसल ने बताया कि उत्तराखण्ड ने नीति आयोग के एसडीजी लक्ष्यों और वित्तीय प्रबंधन में देश में प्रथम स्थान हासिल किया है। राज्य में स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1700 तक पहुंची है, जबकि बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में 2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं। वहीं, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचा है, जिससे पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिला है। साथ ही जल जीवन मिशन और उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश के लाखों परिवारों को लाभ मिला है।
डॉ. बंसल ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने, नकल विरोधी कानून और अतिक्रमण हटाने जैसे साहसिक निर्णय लिए गए हैं, जो प्रदेश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता के समर्थन से मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार पुनः सत्ता में आएगी।



