नवरात्रि पर श्रद्धा और सेवा का संगम, साधुराम इंटर कॉलेज में 1872 कन्याओं का पूजन

देहरादून,23 मार्च 2026 ।
नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद में श्रद्धा, सेवा और सांस्कृतिक आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। साधुराम इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम में 1,872 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। यह आयोजन 11,000 कन्याओं के पूजन के निर्धारित लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण साबित हुआ।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती बबीता गुप्ता एवं रजनी देवी के नेतृत्व में किया गया, जबकि अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, कार्यकर्ता एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि कन्या पूजन सनातन संस्कृति में नारी सम्मान का प्रतीक है। बेटियाँ समाज और राष्ट्र की शक्ति हैं और उनका सम्मान व सशक्तिकरण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी कन्याओं को प्रसाद एवं उपहार वितरित किए गए तथा आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
द्रोणपुरी और इन्द्रापुरम् में भी सामूहिक पूजन
इसी क्रम में कैंट विधानसभा अंतर्गत वार्ड 43 द्रोणपुरी एवं वार्ड 41 इन्द्रापुरम् (सरदार पटेल मंडल) में भी सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा हजार से अधिक कंचकों का पूजन किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं राजपुर विधायक खजान दास, कैंट विधायक सविता कपूर और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व महानगर प्रभारी राकेश गिरि बतौर मुख्य एवं विशिष्ट अतिथि शामिल हुए।
चौथे नवरात्र पर माँ कुष्मांडा के स्वरूप में कन्याओं का चरण प्रक्षालन, तिलक, मौली बंधन, चुनरी ओढ़ाकर तथा प्रसाद व दक्षिणा अर्पित कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजकों ने पूरे नवरात्रों में 11,000 कंचकों के पूजन का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने का संकल्प दोहराया। साथ ही सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए माँ भगवती से सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।



