उत्तराखण्डराष्ट्रीयविशेष समाचार

किच्छा में ‘सरदार एकता संदेश समारोह’ आयोजित, राज्यपाल संतोष गंगवार ने सरदार पटेल की प्रतिमा का किया लोकार्पण

किच्छा,21 मार्च 2026 । उधमसिंह नगर जनपद के गंगवार फार्म बरा में आयोजित “सरदार एकता संदेश समारोह” में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार ने शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की नवनिर्मित प्रतिमा का विधिवत लोकार्पण किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने सरदार पटेल को नमन करते हुए कहा कि वे भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे, जिन्हें “लौह पुरुष” के रूप में जाना जाता है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद 560 से अधिक रियासतों का भारतीय संघ में विलय कर देश को एकजुट करने का ऐतिहासिक कार्य किया।
राज्यपाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में सरदार पटेल की प्रतिमा की स्थापना गौरव का विषय है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा और दिशा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड त्याग, तपस्या, वीरता और राष्ट्रभक्ति की भूमि रही है, जहां की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध संस्कृति लोगों को कर्तव्यनिष्ठ और सेवा भाव का संदेश देती है।
उन्होंने सरदार पटेल को दृढ़ निश्चयी, दूरदर्शी और कुशल प्रशासक बताते हुए कहा कि वे भारतीय प्रशासनिक सेवा के संस्थापक और राष्ट्रवादी आंदोलनों के प्रमुख नेता थे। उन्होंने बारडोली और खेड़ा सत्याग्रह जैसी महत्वपूर्ण आंदोलनों का सफल नेतृत्व किया और सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।
राज्यपाल ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे जाति, धर्म, सम्प्रदाय, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, रेनू गंगवार, सुरेश गंगवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button