देहरादून में ‘जन-जन की सरकार-4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज, 23 मार्च को मुख्यमंत्री का संबोधन

देहरादून,21 मार्च 2026 । राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 23 से 25 मार्च 2026 तक प्रदेशभर में ‘जन-जन की सरकार-4 साल बेमिसाल’ थीम के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में जनपद देहरादून में मुख्य कार्यक्रम 23 मार्च को आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री अपराह्न 12:30 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण प्रदेश के अन्य 12 जनपदों में भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
जिलाधिकारी ने मंच, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश, पेयजल एवं स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम को मिनट-टू-मिनट प्लान के अनुसार संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण एवं महिलाओं और युवतियों के लिए विशेष जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र वितरण एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान को स्वच्छ पेयजल, पूर्ति विभाग को जलपान व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई।
लोक निर्माण विभाग को मंच निर्माण एवं बैरिकेडिंग, नगर निगम को स्वच्छता व्यवस्था तथा पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसे भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाए।
जनपद के सभी मुख्यालयों में भी 23 मार्च को कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां सूचना विभाग द्वारा राज्य सरकार की उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार एवं साहित्य वितरण किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



