उत्तराखण्डराजनीतिराज्य

धामी बने ‘धुरंधर’, उत्तराखंड विकास की राह पर तेज़ी से अग्रसर: राजनाथ सिंह

चार साल बेमिसाल: धामी सरकार के फैसलों को रक्षा मंत्री ने बताया मील का पत्थर

हल्द्वानी 21 मार्च । उत्तराखंड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत एमबी इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित भव्य जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने रक्षा मंत्री का नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति एवं स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के शहीदों को नमन करते हुए देवभूमि की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यहां के लोग सौम्य, परिश्रमी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य आज विकास के पथ पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि “धामी न केवल धाकड़ हैं, बल्कि अब धुरंधर बन चुके हैं”, जो प्रदेश के विकास के लिए प्रभावी निर्णय ले रहे हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने स्थापना के 25 वर्षों में संघर्ष और विकास की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने बताया कि सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, बिजली, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि छोटा राज्य होने के बावजूद उत्तराखंड देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। राज्य की जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि विकास की रफ्तार को दर्शाती है।
रक्षा मंत्री ने यूनिफॉर्म सिविल कोड, नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सीमांत गांवों के विकास जैसे निर्णयों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू कर उत्तराखंड ने सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने सख्ती की आवश्यकता जताते हुए कहा कि देवभूमि की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखना जरूरी है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर सीमांत क्षेत्रों के विकास और पलायन रोकने के लिए कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में देश ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में निवेश, पर्यटन, उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के जरिए बड़े निवेश आए हैं और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिला है। महिलाओं के सशक्तिकरण, पारदर्शी भर्ती और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदमों से सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
उन्होंने बताया कि नकल विरोधी कानून से युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है और हजारों युवाओं को रोजगार मिला है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे और धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे रिवर्स पलायन को भी प्रोत्साहन मिला है।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, मंत्री, सांसद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के चार वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की झलक भी प्रस्तुत की गई।

Related Articles

Back to top button