एसजीआरआर पटेल नगर में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का पार्षद डोली मोहन ने किया शुभारंभ, जागरूकता अभियानों पर रहेगा फोकस

देहरादून 21 मार्च । श्री गुरु राम राय (पीजी) कॉलेज द्वारा पटेल नगर वार्ड संख्या 44 अंतर्गत श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ वार्ड पार्षद डोली रानी मोहन द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि यह शिविर सात दिनों तक संचालित होगा, जिसमें सभी छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर में ही निवास करेंगे। शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवक आसपास के क्षेत्रों—विजय रतुड़ी मार्ग, स्कूल के पीछे की बस्ती, नई बस्ती, बाल्मीकि बस्ती, संजय कॉलोनी और पटेल नगर—में भ्रमण कर जनजागरूकता अभियान चलाएंगे।
शिविर के दौरान स्वयंसेवक क्षेत्रवासियों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण को शुद्ध रखने, अच्छे आचरण अपनाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रोफेसर दीपाली सिंगल, प्रोफेसर संजय पढ़लिया, प्रोफेसर एच.वी. पंत, डॉ. अनुराधा वर्मा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनीता मनोरी ध्यानी, डॉ. महेश कुमार, जितेंद्र, सुखविंदर, सतीश शर्मा, हिमानी मल्होत्रा, पूर्व पार्षद गोविंद मोहन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



