नवरात्रि पर कैहरीगांव में सामूहिक कन्या पूजन, आस्था और सामाजिक समरसता का दिखा संगम

देहरादून,21 मार्च 2026 ।
भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में कैंट विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 3 कैहरीगांव में नवरात्रि के पावन अवसर पर “सामूहिक कन्या पूजन” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और श्रद्धापूर्वक कंचकों का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
नवरात्रि के तृतीय दिवस माँ चन्द्रघंटा के स्वरूप में पधारी कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया। इस दौरान उनके चरण प्रक्षालन कर चंदन-रोली का टीका लगाया गया, मौली बांधी गई, चुनरी ओढ़ाई गई तथा प्रसाद अर्पित कर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने बताया कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कन्या पूजन अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत लगभग 11,000 कन्याओं के पूजन का संकल्प लिया गया है, जिसमें प्रतिदिन करीब 1,500 कन्याओं का विभिन्न मंडलों में पूजन किया जा रहा है। पूजन के उपरांत सभी कन्याओं को प्रसाद एवं उपहार भी वितरित किए जा रहे हैं।
आयोजकों ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी के सहयोग से यह पुण्य कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है। साथ ही माँ भगवती से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई।
कार्यक्रम में निवर्तमान सभासद कमल राज, मंडल महामंत्री संजय अरोड़ा, पूर्व मंडल अध्यक्ष अंजू बिष्ट, मंडल उपाध्यक्ष रंजीत सेमवाल, महानगर एससी मोर्चा अध्यक्ष सुरेन्द्र घेयल, मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, प्रदेश प्रकोष्ठ पदाधिकारी सूरज भाटिया, मंडल मंत्री रिया नैथानी, मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष सुप्रिया डोभाल, महानगर मंत्री ओबीसी मोर्चा राजेश सैन, महानगर सोशल मीडिया संयोजक महिपाल सिंह, बूथ अध्यक्ष हीरा सिंह गुसांई सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


