देहरादून: नवनियुक्त कैबिनेट मंत्रियों को डॉ. नरेश बंसल ने दी बधाई

देहरादून 20 मार्च । नरेश बंसल, भाजपा के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद, ने उत्तराखंड सरकार में नवनियुक्त कैबिनेट मंत्रियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में लंबे समय से रिक्त पड़े पांच मंत्री पदों पर नियुक्ति कर एक सराहनीय कदम उठाया है।
देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में गुरमीत सिंह की मौजूदगी में विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा और प्रदीप बत्रा ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।
डॉ. बंसल ने कहा कि यह उत्तराखंड के विकास की यात्रा में एक नया अध्याय है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त मंत्रियों का जनसेवा का अनुभव राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा और प्रदेश में संतुलित एवं समावेशी विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने सभी मंत्रियों को नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।



