रोड कटिंग के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन कार्यों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

देहरादून, 19 मार्च 2026 । सचिव,लोक निर्माण विभाग पंकज कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को जिलाधिकारी सविन बंसल एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ शहर में रोड कटिंग के बाद सड़कों के रेस्टोरेशन कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया।
सुबह 6 बजे से शुरू हुए निरीक्षण के दौरान दिलाराम चौक, हाथी बड़कला, साई मंदिर, नागल रोड, कैनाल रोड, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा रोड, धर्मपुर चौक, रिस्पना पुल, दून विश्वविद्यालय क्षेत्र, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, निरंजनपुर मंडी, बल्लूपुर चौक, बिंदाल पुल सहित कई प्रमुख स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सचिव लोनिवि ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि निर्माण कार्यों के कारण आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे किए जाएं।
अधिकांश स्थानों पर सड़क रेस्टोरेशन कार्य संतोषजनक पाया गया, लेकिन कुछ जगहों पर कार्य अधूरा और मलबा सड़कों पर पाया गया, जिससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है। इस पर सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रोड कटिंग की अनुमति देते समय निर्धारित शर्तों का सख्ती से पालन कराया जाए और कार्य पूर्ण होने के तुरंत बाद गुणवत्ता के साथ सड़कों का पुनर्स्थापन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा और शर्तों का पालन न करने वाली कार्यदायी संस्थाओं एवं एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन की क्यूआरटी को इन कार्यों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि जनहित में रोड कटिंग की अनुमति निर्धारित मानकों और समयसीमा के अनुसार दी जाती है। उन्होंने कहा कि अब एजेंसियों को एक समय में केवल 2 से 3 स्थानों पर ही रोड कटिंग की अनुमति दी जाएगी और 15 से 21 दिन के भीतर कार्य पूर्ण करना अनिवार्य होगा। शर्तों के उल्लंघन पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, अधीक्षण अभियंता मुकेश परमार, अधिशासी अभियंता ओपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



