1 अप्रैल से शुरू होगी गेहूं खरीद, 108 क्रय केंद्र होंगे स्थापित: एडीएम पंकज उपाध्याय

रुद्रपुर,18 मार्च 2026। जनपद में आगामी 1 अप्रैल से शुरू होने वाली गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में किसान प्रतिनिधियों, राइस मिलर्स और संबंधित क्रय एजेंसियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में एडीएम ने निर्देश दिए कि सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर व्हाट्सएप नंबर प्रदर्शित किया जाएगा, जिस पर किसान अपनी समस्याएं मैसेज या वीडियो के माध्यम से भेज सकेंगे। प्रशासन द्वारा इन शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाएगा।
जनपद में कुल 108 क्रय केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें खाद्य विभाग के 18, सहकारिता विभाग के 51, उत्तराखण्ड उपभोक्ता सहकारी संघ के 7, एनसीसीएफ के 15 और पीसीयू के 17 केंद्र शामिल हैं। आवश्यकता पड़ने पर केंद्रों और तोल कांटों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
एडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में वारदाना उपलब्ध कराया जाए, ताकि खरीद के दौरान किसी प्रकार की कमी न हो। साथ ही तोल कांटों का परीक्षण कर उन्हें निर्धारित स्थानों पर स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों पर तैनात किए जाने वाले कर्मचारियों को पहले से पूरी जानकारी देकर प्रशिक्षित किया जाए। केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय और विद्युत जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
एडीएम ने स्पष्ट किया कि गेहूं खरीद में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आरएफसी सीएस मर्तोलिया, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, मंडी सचिव, यूसीएफ, एनसीसीएफ, खाद्य एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी, उत्तराखण्ड उपभोक्ता सहकारी संघ के प्रतिनिधि, किसान संगठन और राइस मिलर्स मौजूद रहे।

