उत्तराखण्डअपराध

उधम सिंह नगर में नकली NCERT पुस्तकों का बड़ा खुलासा, 10 करोड़ की किताबें बरामद

देहरादून,17 मार्च 2026। उत्तराखंड पुलिस के नकली सामग्री के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत उधम सिंह नगर जिले में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रुद्रपुर पुलिस ने करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की नकली NCERT पुस्तकों का विशाल जखीरा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 की रात को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस टीम ने आनंदम रिजॉर्ट के पास एक कैंटर वाहन को रोककर चेकिंग की। चालक ने वाहन में किताबें होने और उन्हें मेरठ से लाने की जानकारी दी, लेकिन जांच के दौरान उसके पास ई-वे बिल नहीं मिला और प्रस्तुत दस्तावेजों में भी गड़बड़ी पाई गई।
संदेह के आधार पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में NCERT की पुस्तकें मिलीं। पूछताछ में चालक ने संबंधित गोदाम का भी खुलासा किया। मौके पर बुलाए गए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में पुस्तकों को नकली बताया।
इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गोदाम का निरीक्षण किया गया, जहां लगभग 10 लाख पुस्तकों का भंडारण मिला। जांच में गोदाम स्वामी का नाम राजेश कुमार जैन सामने आया, जबकि गोदाम संदीप नामक व्यक्ति को किराये पर दिया गया था।
नई दिल्ली से आई NCERT की जांच टीम ने पुस्तकों की गुणवत्ता की जांच की, जिसमें छपाई, कागज, बाइंडिंग और कवर डिजाइन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। साथ ही पुस्तकों पर “NCERT” के स्थान पर “ACERT” अंकित कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही थी।
NCERT टीम द्वारा नकली होने की पुष्टि के बाद कोतवाली रुद्रपुर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई पर पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड, दीपम सेठ ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 20 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button