देहरादून में 15वां विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 210 यूनिट रक्त संग्रह
31 पत्रकारों व समाजसेवियों को “स्वास्थ्य प्रहरी सम्मान–2026”, पत्रकारों को जांचों में 50% छूट की घोषण

देहरादून,15 मार्च 2026।
देहरादून में मानव सेवा और सामाजिक सहयोग की मिसाल उस समय देखने को मिली जब लाईफ केयर पैथोलॉजी सेंटर एवं लाईफ केयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में 15वें विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। नेहरू कॉलोनी स्थित 6 नंबर पुलिया के निकट आयोजित इस शिविर में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर में कुल 210 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
शिविर के आयोजक राजेश रावत ने बताया कि लाईफ केयर फाउंडेशन पिछले 15 वर्षों से नियमित रूप से मेडिकल कैंप और रक्तदान शिविर आयोजित कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। शिविर में शहर ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान कर इसे समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होते हैं। उन्होंने लाईफ केयर पैथोलॉजी सेंटर की 15 वर्षों से निरंतर चल रही इस सामाजिक पहल की सराहना की।
अति विशिष्ट अतिथि देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार ने कहा कि रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी है बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग भी ऐसे सामाजिक अभियानों में हमेशा सहयोग करता है।
इस अवसर पर अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं एमएस मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉ. रविंद्र बिष्ट ने कहा कि अस्पतालों में कई बार रक्त की कमी के कारण मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर बेहद महत्वपूर्ण साबित होते हैं। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी व पूर्व दर्जाधारी रविंद्र जुगरान, वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एस.डी. जोशी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, CIMS-UIHMT ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन ललित जोशी, पार्षद कमली भट्ट, बार काउंसिल उत्तराखंड के सदस्य राजबीर सिंह बिष्ट तथा दून मेडिकल कॉलेज के जनसंपर्क अधिकारी संदीप राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पत्रकार और समाजसेवी मौजूद रहे।
शिविर में रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया कारगी चौक स्थित पल्स ब्लड सेंटर की टीम द्वारा संपन्न कराई गई। टीम में डॉ. नितेश गुप्ता, प्रीति नेगी, अरविंद डंगवाल, अमन और अनुज ने रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रहण की व्यवस्था संभाली।
पत्रकारों को जांचों में 50 प्रतिशत छूट
कार्यक्रम के दौरान लाईफ केयर पैथोलॉजी सेंटर के निदेशक राजेश रावत ने घोषणा की कि उत्तरांचल प्रेस क्लब से जुड़े सभी पत्रकारों को सेंटर में कराई जाने वाली विभिन्न पैथोलॉजी जांचों पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जरूरी है। इस घोषणा पर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने आभार व्यक्त किया।
31 पत्रकारों व समाजसेवियों को “स्वास्थ्य प्रहरी सम्मान–2026”
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 31 पत्रकारों एवं समाजसेवियों को “स्वास्थ्य प्रहरी सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार और समाजसेवी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में पवन नौटियाल ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों और रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी सुनील सजवाण ने किया। उन्होंने कहा कि यह शिविर सेवा, सहयोग और मानवता की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।



