उत्तराखण्डराज्य

एलपीजी और ईंधन आपूर्ति की समीक्षा, राज्य में पर्याप्त स्टॉक — पैनिक बुकिंग से बचने की अपील

देहरादून,13 मार्च 2026। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के बाद उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए उत्तराखण्ड में एलपीजी एवं ईंधन की आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। शुक्रवार को भराड़ीसैण स्थित विधानसभा भवन से प्रमुख सचिव, खाद्य द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारियों तथा तीनों ऑयल कंपनियों के राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है। ऑयल कंपनियों के अधिकारी लगातार सभी जनपदों के जिला पूर्ति अधिकारियों के संपर्क में हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं के कारण लोगों द्वारा पैनिक बुकिंग की जा रही है। केवल आईओसीएल में पिछले तीन–चार दिनों में लगभग एक लाख गैस सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई है, जबकि वास्तविकता में गैस की कोई कमी नहीं है।
सभी जिलाधिकारियों ने भी अपने-अपने जनपदों में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक होने की जानकारी दी। साथ ही जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग को रोकने के लिए प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार की जा रही है।
पिछले चार दिनों में राज्यभर में 460 निरीक्षण किए गए तथा 78 स्थानों पर छापेमारी की गई। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 4 एफआईआर दर्ज की गईं और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 74 गैस सिलेंडर, एक कांटा और दो रिफिलिंग किट भी जब्त किए गए हैं।
प्रमुख सचिव, खाद्य ने सभी संबंधित अधिकारियों को गैस आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा जमाखोरी, कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव खाद्य श्री आनन्द स्वरूप, अपर आयुक्त खाद्य श्री पी.एस. पांगती तथा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अपर सचिव एवं नियंत्रक विधिक माप श्रीमती रूचि मोहन रयाल, सभी जिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी तथा आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button