देर रात युवक पर हमला कर भागे हमलावर, मौके पर दो बाइक और हथियार मिले

चौसाना,शामली। झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव शामली शामला में वीरवार रात करीब 8:30 बजे एक युवक पर करीब एक दर्जन हथियारबंद हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार सरजून पुत्र प्रमोद (लगभग 20 वर्ष) अपने भाई की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान करीब एक दर्जन अज्ञात युवक हथियारों के साथ दुकान पर पहुंचे और अचानक उस पर हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने युवक के साथ मारपीट करते हुए उस पर धारदार हथियारों से कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण और दुकानदार मौके की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आता देख हमलावरों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से फरार हो गए। जल्दबाजी में हमलावर अपनी दो बाइक वहीं छोड़कर भाग गए।
ग्रामीणों के अनुसार छोड़ी गई बाइकों से अवैध हथियार और चाकू भी बरामद हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
पुलिस ने दोनों बाइकों और बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। वहीं घायल युवक का उपचार जारी है।

रिपोर्ट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।

