उत्तराखण्डराज्य

सीएम धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹75.36 करोड़ की स्वीकृति दी, चारधाम व पर्यटन स्थलों पर एआई सुरक्षा प्रणाली लगेगी

देहरादून, 11 मार्च 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल ₹75.36 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही चारधाम और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एआई आधारित फेसियल रिकॉग्निशन सिस्टम और डाटा एनालिटिक्स सॉफ्टवेयर स्थापित करने को भी मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने एससीएसपी के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पाबौ में बेड़ा–जगड़ मोटर मार्ग के किमी 1 से 5 तक सुदृढ़ीकरण व डामरीकरण के लिए ₹3.58 करोड़ स्वीकृत किए हैं। वहीं हरिद्वार के राजकीय उपजिला चिकित्सालय रुड़की में विद्युत रिवायरिंग कार्य के लिए ₹3.93 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
राज्य योजना के अंतर्गत देहरादून के विधानसभा क्षेत्र मसूरी में न्यू कैंट मोटर मार्ग (सालावाला पुल से विजय कॉलोनी पुल) को दो लेन से 10.50 मीटर चौड़ाई में अपग्रेड करने के द्वितीय चरण के लिए ₹16.87 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसी क्रम में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के दाएं तट पर बाढ़ सुरक्षा कार्य तथा बूम और उचौलीगोठ क्षेत्र में तटबंध निर्माण के लिए ₹15.69 करोड़ की योजना को भी मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश में एकत्रित लीगेसी वेस्ट के निस्तारण के लिए ₹6.79 करोड़ तथा नगर निगम पिथौरागढ़ में देवभूमि रजत जयंती पार्क के निर्माण के लिए ₹9.81 करोड़ की स्वीकृति दी है। इसके अलावा टनकपुर में मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस और कम्यूनिटी हॉल निर्माण के लिए ₹14.24 करोड़ स्वीकृत करते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹1 करोड़ जारी करने को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
चारधाम और पर्यटन स्थलों पर एआई आधारित सुरक्षा
प्रदेश में चारधाम और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पांच जनपदों में एआई आधारित फेसियल रिकॉग्निशन सिस्टम व डाटा एनालिटिक्स सॉफ्टवेयर स्थापित करने के लिए ₹4.45 करोड़ स्वीकृत किए हैं। इससे संदिग्ध गतिविधियों और तत्वों पर निगरानी रखने में सुरक्षा एजेंसियों को मदद मिलेगी।
अवस्थापना विकास पर विशेष फोकस
वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट में धामी सरकार ने अवस्थापना विकास को प्राथमिकता देते हुए गांव से शहर और पहाड़ से मैदान तक विकास के लिए व्यापक प्रावधान किए हैं। मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री के रूप में बजट प्रस्तुत करते हुए सड़क, पुल, बिजली, पानी सहित आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है।
सरकार ने पहाड़ के तीन प्रमुख नगर निकायों गैरसैंण, बाड़ाहाट (उत्तरकाशी) और पिथौरागढ़ को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है, जिसे पहाड़ी क्षेत्रों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बजट के प्रमुख प्रावधान
लोक निर्माण विभाग के पूंजीगत मद में ₹2501 करोड़
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए ₹1050 करोड़
शहरी विकास विभाग का बजट ₹1814 करोड़
ऊर्जा क्षेत्र के लिए ₹1609 करोड़
गड्ढा मुक्ति अभियान के लिए ₹400 करोड़
रिस्पना–बिंदाल यूटिलिटी शिफ्टिंग योजना के लिए ₹350 करोड़
पुलिस आवास व जेल निर्माण के लिए ₹135 करोड़
नागरिक उड्डयन विभाग के लिए ₹52.50 करोड़
तीन नगर निकायों को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए ₹30 करोड़
टिहरी रिंग रोड निर्माण के लिए ₹10 करोड़
शहरी क्षेत्रों में पैदल मार्ग निर्माण के लिए ₹10 करोड़
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए मजबूत अवसंरचना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में सड़क, ऊर्जा और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं को नई गति और नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button