उत्तराखण्डजनसुनवाई

विश्व प्लम्बर दिवस पर 33 प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स सम्मानित

देहरादून,11 मार्च 2026 । भवन सभागार, सर्वे चौक देहरादून में जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत विश्व प्लम्बर दिवस के अवसर पर जिला जल एवं स्वच्छता मिशन, देहरादून के तत्वावधान में जिला स्तरीय “प्लम्बर सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी एवं उपाध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता मिशन अभिनव शाह ने किया।
सम्मान समारोह के दौरान उत्तराखण्ड पेयजल निगम और उत्तराखण्ड जल संस्थान में पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव में सक्रिय योगदान देने वाले 33 प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स को टूल किट भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अपने संबोधन में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत कार्यरत प्रथम पंक्ति के कर्मियों—प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स—की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों के कुशल संचालन और रख-रखाव के कारण लोगों के घरों तक नल से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति संभव हो रही है। इससे जल जनित बीमारियों में कमी आई है तथा शिशु मृत्यु दर में भी गिरावट दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि यह सम्मान समारोह जिला स्तर के साथ-साथ जनपद के सभी छह विकासखण्डों में भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण, संवर्द्धन और पेयजल स्रोतों के संरक्षण के लिए अपने परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी निभाने की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, उत्तराखण्ड पेयजल निगम मिशन देहरादून के अधिशासी अभियंता कंचन रावत और सचिन, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के कार्मिकों सहित उत्तराखण्ड पेयजल निगम और उत्तराखण्ड जल संस्थान की विभिन्न शाखाओं में कार्यरत प्लम्बर्स, पम्प ऑपरेटर और फीटर्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button