मण्डलायुक्त दीपक रावत ने जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश

रुद्रपुर,10 मार्च 2026
। आयुक्त कुमाऊँ मण्डल एवं अध्यक्ष जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों तथा विकास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त श्री रावत ने प्राधिकरण में दर्ज विभिन्न वादों की स्थिति का जायजा लिया तथा जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के अंतर्गत नियमित क्षेत्र से संबंधित पत्रावलियों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों एवं पुराने वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
भवन मानचित्रों की स्वीकृति प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए उन्होंने ई-मानचित्र प्रणाली को तेज गति से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर ही मानचित्रों पर निर्णय लिया जाए। मण्डलायुक्त ने प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति एवं राजस्व वसूली की भी समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष के लक्ष्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न सिविल कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। इस दौरान उन्होंने वर्तमान में चल रहे, प्रस्तावित तथा पूर्ण हो चुके कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा की।
इसके उपरांत मण्डलायुक्त ने कलेक्ट्रेट परिसर में 17.71 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर भवन निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त ने एनएच-87 पर डीडी चौक से त्रिशूल चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ जन-शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, सचिव पंकज उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक क्राइम जितेन्द्र चौधरी, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, अभय प्रताप सिंह, गौरव पाण्डेय, रविन्द्र जुआठा, अधीक्षण अभियंता लोनिवि अनिल पांगती, अधिशासी अभियंता गजेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता प्राधिकरण नरेन्द्र नवानी, जल संस्थान तरुण शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


