शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने की नई व्यवस्था का हुआ शुभारंभ

शामली। नगर पालिका के सौजन्य से मंगलवार को शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने की नई व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल ने हरी झंडी दिखाकर कचरा वाहनों को रवाना किया। यह कार्य अब अलीगढ़ की संस्था ग्रीन सिटी वेस्ट डिस्पोजल सर्विसेज द्वारा संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए घर-घर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार कूड़ा संग्रहण का कार्य ग्रीन सिटी वेस्ट डिस्पोजल सर्विसेज को दिया गया है, जो आधुनिक व्यवस्था के साथ यह कार्य करेगी। संस्था द्वारा कूड़ा उठाने के दौरान ऑनलाइन रसीद भी जारी की जाएगी, जिससे यह भ्रम समाप्त हो जाएगा कि किसी घर से महीने में दो बार शुल्क लिया गया है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक घर का ऑनलाइन डाटा भी तैयार किया जाएगा, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि शहर के हर घर से नियमित रूप से कूड़ा एकत्रित किया जाए। जो लोग घर-घर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को कूड़ा देने के बजाय सड़कों, नालियों या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि स्वच्छता बनाए रखने के लिए कूड़ा केवल डोर-टू-डोर कलेक्शन करने वाले कर्मचारियों को ही दें, ताकि शहर में गंदगी न फैले और स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जा सके।कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता और सफाई बनाए रखने की शपथ भी दिलाई। मौके पर ईओ विनोद कुमार सोलंकी, ब्रांड एंबेसडर प्रदीप सिंघल, सभासद रोबिन गर्ग, पंकज गुप्ता, गुलजान मंसूरी, अरविंद खटीक, रामनिवास सैनी, एसएफआई अनिल, लक्ष्मण, डायरेक्टर एहसान सैफी, मैनेजर मोहम्मद राशिद मौजूद रहे।
रिपोर्ट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।
