अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला शक्ति का सम्मान: गीता धामी ने कहा– मातृशक्ति ही समाज को देती है नई दिशा

देहरादून, 9 मार्च।
भारतीय जनता पार्टी महानगर महिला मोर्चा की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी (IRDT) ऑडिटोरियम में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा महिला सशक्तिकरण पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने की। उन्होंने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार भी “लखपति दीदी” जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रही है। आज उत्तराखंड की महिलाएं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी गीता धामी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएं परिवार, समाज और राष्ट्र की आधारशिला होती हैं। इतिहास गवाह है कि जब-जब महिलाओं को अवसर और सम्मान मिला है, उन्होंने शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, साहित्य, खेल, उद्योग और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति ही समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने का कार्य करती है।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने भी सभी का अभिनंदन करते हुए कहा कि महिला दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव उच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है।
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं की भूमिका लगातार व्यापक और प्रभावशाली होती जा रही है। शिक्षा के प्रसार, तकनीकी विकास और सरकारी नीतियों के कारण महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि गीता धामी तथा अन्य अतिथियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. अर्चना वर्मा, शिखा उनियाल, उमा कोठारी, अंजना, पूजा सिंह, सुप्रिया गुलाटी, रामप्रीत कौर, बबीता सहोत्रा, नीलू मित्तल और सुशीला डोभाल शामिल रहीं।
इस अवसर पर दर्जाधारी मंत्री मधु भट्ट, महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन सिंह, नेहा शर्मा, कमली भट्ट, सुरेंद्र राणा, जगदीश सेमवाल सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।


