जनता दर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, डीएम ने कई मामलों में मौके पर दिए राहत के निर्देश

देहरादून,09 मार्च 2026।
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यक्रम में कुल 170 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले असहाय, बुजुर्ग, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक प्रकरण में की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
छात्रा की फीस भरवाकर परीक्षा में बैठाने के निर्देश
बंजारावाला निवासी कल्पना ने बताया कि उनकी पुत्री विदुषी, जो Filefort Public School में कक्षा 6 की छात्रा है, आर्थिक तंगी के कारण स्कूल फीस जमा नहीं कर सकी, जिस कारण विद्यालय प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को छात्रा को परीक्षा में शामिल कराने तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा के अंतर्गत उसकी फीस जमा कराने के निर्देश दिए।
असहायों को आर्थिक सहायता
जवाहर कॉलोनी बल्लूपुर निवासी शमशाद, जिनका वर्ष 2023 में दुर्घटना में पैर गंभीर रूप से घायल हो गया था, को जिलाधिकारी ने रायफल फंड से आर्थिक सहायता देने और वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने अपने दिव्यांग पुत्र के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने उन्हें रायफल फंड से सहायता देने और बच्चे को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत ₹4000 प्रतिमाह की सहायता तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
किसानों की समस्या पर 12 मार्च तक समाधान का आश्वासन
तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण से उनकी कृषि भूमि और नहर को नुकसान पहुंचा था तथा नहर निर्माण के लिए शेष ₹5.04 लाख की धनराशि का भुगतान अभी तक नहीं हुआ। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों से मौके पर ही समाधान प्रस्तुत करने को कहा, जिस पर 12 मार्च तक निस्तारण का लिखित आश्वासन दिया गया।
गुंडा एक्ट और भरण-पोषण एक्ट में कार्रवाई
गढ़ीकैंट डाकरा निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग ने शिकायत की कि उनका पुत्र नशे के कारण आए दिन घर में उत्पात मचाता है। इस पर जिलाधिकारी ने मामले में गुंडा एक्ट के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए।
वहीं धर्मपुर निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने बहू द्वारा प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दर्ज करते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विधवा महिला का पेयजल बिल कराया सटलमेंट
राजीव नगर निवासी विधवा अरूणा ने लगभग ₹34,395 के पेयजल बिल के भुगतान में असमर्थता जताई। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को बिल सटलमेंट करने और शेष धनराशि का भुगतान जिला प्रशासन के रायफल फंड से कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना और जनता की समस्याओं का प्रभावी व त्वरित समाधान करना है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


