उत्तराखण्डहेल्थ

दून मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक सर्जिकल कार्यशाला आयोजित, पीजी चिकित्सकों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

देहरादून 08 मार्च । दून मेडिकल कॉलेज में प्राचार्या प्रो. (डॉ.) गीता जैन के मार्गदर्शन में सर्जरी विभाग द्वारा एक दिवसीय अत्याधुनिक सर्जिकल कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य पीजी चिकित्सकों, इंटर्न एवं एमबीबीएस छात्रों को आधुनिक सर्जिकल तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था, ताकि उनकी शल्य चिकित्सा संबंधी दक्षता और आत्मविश्वास में वृद्धि हो सके।
कार्यशाला के दौरान पीजी चिकित्सकों को एनिमल मॉडल पर आंतों को जोड़ने (इंटेस्टाइनल एनास्टोमोसिस) की उन्नत तकनीकों का अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि प्राणी ऊतकों पर किया गया यह अभ्यास वास्तविक मानवीय ऑपरेशन प्रक्रिया के काफी निकट होता है, जिससे युवा चिकित्सकों को सर्जरी के दौरान आने वाली जटिलताओं को समझने और उनका समाधान करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। इस प्रकार का प्रशिक्षण चिकित्सा शिक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत आमंत्रित वरिष्ठ चिकित्सकों के ज्ञानवर्धक व्याख्यानों से हुई। इस अवसर पर महंत इंद्रेश हॉस्पिटल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. जे.पी. शर्मा और डॉ. प्रदीप सिंघल, सर्जिकल सोसाइटी देहरादून के अध्यक्ष डॉ. आर.के. टम्टा तथा डॉ. शैलेन्द्र तिवारी ने सर्जरी के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों, ऑपरेशन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और जटिल परिस्थितियों के प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यशाला के अंतर्गत इंटर्न एवं एमबीबीएस छात्रों को स्यूचरिंग (टांके लगाने) और नॉटिंग तकनीक का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने विभिन्न प्रकार के सर्जिकल टांकों और गांठों की तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए छात्रों को स्वयं अभ्यास कराया। प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक उपकरणों और तकनीकों का उपयोग कार्यशाला की विशेषता रहा।
इस अवसर पर प्राचार्या प्रो. (डॉ.) गीता जैन ने कहा कि दून मेडिकल कॉलेज में समय-समय पर इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता है, जिससे युवा चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा तकनीकों का ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनम्र मित्तल ने किया, जबकि अंत में डॉ. राजेंद्र प्रसाद खंडूरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एमएस डॉ. आर.एस. बिष्ट और डिप्टी एमएस डॉ. एन.एस. बिष्ट ने सर्जरी विभाग की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में पीजी चिकित्सकों, इंटर्न, एमबीबीएस छात्रों तथा सर्जरी विभाग के संकाय सदस्यों ने भाग लिया। यह कार्यशाला प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई तथा इससे उनकी सर्जिकल दक्षता में महत्वपूर्ण वृद्धि होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button