पारसनाथ भगवान की भव्य रथयात्रा कल, नगर में दिखेगा आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम

जलालाबाद 07 मार्च । कस्बे के प्रसिद्ध श्री 1008 पारसनाथ दिगंबर जैन अतिशयकारी क्षेत्र में रविवार 8 मार्च को पारंपरिक वार्षिक रथयात्रा का भव्य आयोजन किया जाएगा।इस आयोजन को लेकर जैन समाज व क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है तथा तैयारियां भी जोरों पर चल रही हैं।रथयात्रा के दौरान भगवान पारसनाथ की प्रतिमा को आकर्षक रूप से सुसज्जित रथ में विराजमान कर नगर के प्रमुख मार्गों से शोभायात्रा निकाली जाएगी।श्रद्धालु बड़ी संख्या में रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के जयकारे लगाते हुए नगर परिक्रमा करेंगे,जगह-जगह भक्तों द्वारा रथयात्रा का स्वागत कर पुष्प वर्षा की जाएगी और श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न प्रकार की व्यवस्थाएं भी की जाएंगी।जैन धर्म में भगवान पारसनाथ को अत्यंत पूजनीय माना जाता है। उनके आदर्श अहिंसा, संयम और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।रथयात्रा के माध्यम से श्रद्धालु भगवान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं और धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।जैन समाज के लोगों ने सभी धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।माना जा रहा है कि इस पावन अवसर पर नगर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।


