हरिद्वार व देहरादून में “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” से उपभोक्ताओं को किया गया जागरूक

देहरादून,05 मार्च 2026। उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित उत्पादों के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) देहरादून की ओर से हरिद्वार में “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र हरिद्वार एवं सेतु फाउंडेशन के सहयोग से तथा कंज्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (CCI) के तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बीआईएस देहरादून के निदेशक एवं शाखा प्रमुख सौरभ तिवारी के निर्देशन में जवाहर नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र हरिद्वार में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संजय जैन उपाध्याय उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में अनंत शर्मा, डॉ. एम. सेल्वराज, डॉ. आर.के. थिरु तथा पंडित पदम प्रकाश शर्मा ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उपभोक्ता अधिकारों, गुणवत्तायुक्त उत्पादों की पहचान, आईएसआई मार्क, हॉलमार्किंग तथा उपभोक्ता शिकायत निवारण तंत्र के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे हमेशा प्रमाणित एवं मानकयुक्त उत्पादों का ही उपयोग करें, जिससे उनकी सुरक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर बीआईएस देहरादून की मानक संवर्धन अधिकारी सरिता त्रिपाठी ने प्रतिभागियों को बीआईएस की विभिन्न गतिविधियों, उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रमों तथा BIS Care App के माध्यम से उपभोक्ता शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
हरिद्वार में कार्यक्रम के उपरांत “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” देहरादून स्थित बीआईएस कार्यालय पहुँची, जहाँ सभागार में एक और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान निदेशक एवं शाखा प्रमुख सौरभ तिवारी ने कंज्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया की टीम का स्वागत किया।
कार्यक्रम में अनंत शर्मा ने “कंज़्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” के उद्देश्य तथा उपभोक्ता सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से जागरूक एवं जिम्मेदार उपभोक्ता बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया और उपभोक्ता जागरूकता के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।


