अपराधउत्तर प्रदेश

शिवम हत्याकांड का 25 हजार का इनामी आरोपी शक्ति ठाकुर गिरफ्तार

जमीन विवाद में शिवालिक फार्म हाउस पर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग

बिहारीगढ़ (सहारनपुर) 04 मार्च। शिवम राणा हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी शक्ति सिंह ठाकुर को थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गणेशपुर से मोहंड की ओर जाने वाले मार्ग पर वन विभाग की चेकपोस्ट के पास से दबोचा। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की फॉर्च्यूनर कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार यह मामला 8 फरवरी 2026 का है। जमीन और प्लॉटिंग के पैसों के विवाद को लेकर दो पक्ष शिवालिक फार्म हाउस पर बातचीत के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ने पर आरोपियों ने पंकज शर्मा पक्ष पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से शिवम राणा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग भी इस घटना में घायल हुए थे। इस संबंध में थाना बिहारीगढ़ पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष अक्षय शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी शक्ति ठाकुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अन्य नामजद एवं फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button